home page

बनी जोन के स्कूलों का डीएसईजे निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

 | 
बनी जोन के स्कूलों का डीएसईजे निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश


कठुआ/बनी, 02 मई (हि.स.)। जम्मू के स्कूल शिक्षा निदेशक नसीम जावेद चैधरी ने बनी जोन के विभिन्न स्कूलों का व्यापक शैक्षणिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ केवल कृष्ण और डीएसईजे के वित्तीय सलाहकार अरशद चैधरी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय बनी, राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल बनी, राजकीय मिडिल स्कूल बॉयज बनी तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय लोवांग का दौरा किया गया। निदेशक ने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई, शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की भागीदारी और समग्र सीखने के स्तर का बारीकी से आकलन किया। इस दौरान छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन और हालिया परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गई। निदेशक ने कुछ क्षेत्रों में संतोष जताया वहीं जिन पहलुओं में सुधार की आवश्यकता है उन्हें चिन्हित करते हुए निरंतर प्रयास, डेटा आधारित रणनीति और रिमेडियल उपाय अपनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आवश्यकतानुसार समय पर उन्नयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि छात्रों को बेहतर और अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके। निदेशक ने शिक्षकों और स्टाफ के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जिसमें उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि जायज मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों की सराहना भी की। इस मौके पर निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्रों के बेहतर परिणाम और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षक गतिविधि-आधारित और दक्षता-आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाएं तथा छात्रों की अवधारणात्मक समझ पर विशेष ध्यान दें।

मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ ने भी स्कूलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्टाफ को समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया