डॉ. दुष्यंत उब्बोट के निधन से ब्राह्मण समाज को अपूरणीय क्षति, समाज ने खोया समर्पित मार्गदर्शक
कठुआ , 04 अक्टूबर (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के पूर्व अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. दुष्यंत उब्बोट जी के निधन से ब्राह्मण समाज में शोक की लहर है। उनके निधन को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया है। डॉ. उब्बोट ने ब्राह्मण समाज की एकजुटता, उत्थान और सामाजिक हितों के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा जीवनभर समाजसेवा के प्रति समर्पित रहे।
श्री ब्राह्मण सभा कठुआ की स्थापना और उसके विकास में डॉ. दुष्यंत उब्बोट का विशेष योगदान रहा। उन्होंने सभा को मजबूत बनाने के साथ-साथ ब्राह्मण समाज के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और समाज के लोगों को एकजुट करने के लिए निरंतर प्रयास किए। समाज के प्रति उनकी सेवा भावना, निष्ठा और मार्गदर्शन को सदैव याद किया जाएगा। समाज के लोगों ने कहा कि डॉ. उब्बोट का योगदान केवल एक संस्था तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य और समाज के लिए दिए गए योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए समाज के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

