जम्मू में 1 नवंबर को होगी ‘रन फॉर डोगरा यूनिटी’ मैराथन
जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।
डोगरा एकता मिशन की ओर से प्रधान गौरव डोगरा के नेतृत्व में 1 नवंबर 2026 को जम्मू में ‘रन फॉर डोगरा यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन सुबह 6 बजे सतवारी चौक से शुरू होकर सुबह 7 बजे एमएएम स्टेडियम में संपन्न होगी।
इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता को बढ़ावा देना, स्वच्छ जम्मू, हरित जम्मू और नशा मुक्ति का संदेश देना है। इसके साथ ही डोगरा संस्कृति और डोगरी भाषा के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
इसी सिलसिले में डोगरा एकता मिशन की टीम ने भाजपा नेता सत शर्मा से मुलाकात कर उन्हें मैराथन का निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान सत शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में भाईचारे, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सत शर्मा ने जम्मू के लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे 1 नवंबर को सुबह 6 बजे सतवारी चौक पहुंचकर मैराथन में हिस्सा लें और डोगरा एकता मिशन के इस प्रयास को सफल बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

