home page

परशुराम जयंती पर भव्य आयोजन की तैयारी, डोगरा ब्राह्मण सभा तैयारियों में जुटी

 | 
परशुराम जयंती पर भव्य आयोजन की तैयारी, डोगरा ब्राह्मण सभा तैयारियों में जुटी


जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। डोगरा ब्राह्मण सभा परेड, जम्मू द्वारा 17 अप्रैल को मनाई जाने वाली परशुराम जयंती की भव्य तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष वेद प्रकाश ने की जबकि आयोजन में भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व उपमहापौर पूर्णिमा शर्मा का विशेष सहयोग रहा। बैठक में समाज की प्रमुख महिला सदस्यों, पूर्व पार्षदों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल और समावेशी बनाने के लिए सुझाव दिए। इस दौरान शोभा यात्रा में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सुरक्षा और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

वेद प्रकाश ने विश्वास जताया कि यह आयोजन समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने का कार्य करेगा। वहीं, पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से आयोजन और अधिक सुरक्षित, प्रभावी और जीवंत बनेगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 12 अप्रैल को निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. सुशील शर्मा और ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. राकेश शर्मा अपनी सेवाएं देंगे।

15 अप्रैल को विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जबकि 17 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे शोभा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी और सभा स्थल पर समाप्त होगी। इसके अलावा 19 अप्रैल को बच्चों के लिए यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन किया जाएगा जिससे उन्हें सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा