डीएलटीसी कठुआ ने वित्त वर्ष 2026/27 के लिए ‘स्केल ऑफ फाइनेंस’ को दी मंजूरी
कठुआ, 05 फरवरी (हि.स.)। जिला स्तरीय तकनीकी समिति कठुआ की बैठक अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वित्त वर्ष 2026/27 के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के तहत प्रस्तावित स्केल ऑफ फाइनेंस पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न फसलों और कृषि से जुड़े क्षेत्रों में लगने वाली इनपुट लागत, जिला-विशेष आवश्यकताओं और जमीनी हालात को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्केल ऑफ फाइनेंस पर मंथन किया गया। सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद समिति ने वित्त वर्ष 2026/27 के लिए स्केल ऑफ फाइनेंस को मंजूरी दे दी। एडीडीसी सुरिंदर मोहन शर्मा ने कहा कि स्वीकृत स्केल ऑफ फाइनेंस किसानों को समय पर और व्यावहारिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सहायक होगा, जिससे कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी (सदस्य सचिव), जम्मू-कश्मीर बैंक/जेसीसी बैंक प्रतिनिधि, मुख्य बागवानी अधिकारी, मुख्य पशुपालन अधिकारी, जिला भेड़पालन अधिकारी, मत्स्य पालन, फ्लोरीकल्चर अधिकारी तथा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

