home page

एकता की दौड़ में दौड़ेगा कटड़ा, जिला पुलिस रियासी 25 अक्टूबर को करवाएगी 10 किलोमीटर मैराथन

 | 
एकता की दौड़ में दौड़ेगा कटड़ा, जिला पुलिस रियासी 25 अक्टूबर को करवाएगी 10 किलोमीटर मैराथन


कटड़ा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, शारीरिक फिटनेस और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से जिला पुलिस रियासी की ओर से 25 अक्टूबर को कटड़ा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘10के मैराथन/रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। मैराथन सुबह 6 बजे शुरू होगी।

10 किलोमीटर की यह दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम कटड़ा से शुरू होकर बाबा आगार जित्तो मंदिर तक जाएगी और वहां से वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 12 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 10 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 8 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार पंजीकरण करवाने वाले पहले 300 चयनित प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी जबकि दौड़ सफलतापूर्वक पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और सीमित स्थानों के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण होगा। जिला पुलिस रियासी ने विद्यार्थियों, युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से इस मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण के लिए पीसीआर कटड़ा के मोबाइल नंबर 91496-72792 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया