4 अक्टूबर को होगी जिला मैराथन-2026
कठुआ, 19 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 4 अक्टूबर को जिला मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। मैराथन का आयोजन द सीजन प्ले के सहयोग से किया जा रहा है जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
मैराथन में 3, 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ श्रेणियां होंगी जिसमें युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आम नागरिक भाग ले सकेंगे। तैयारियों को लेकर उपायुक्त राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने रूट प्लान, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा एवं प्राथमिक उपचार, पेयजल, स्वच्छता, पंजीकरण और प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मैराथन को नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के मंच के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और खेल संगठनों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। बैठक में जीएम डीआईसी, एएसपी कठुआ सुनील केसर, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कॉलेज प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

