home page

पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जम्मू जोन में चल रहे सुरक्षा अभियानों की समीक्षा की

 | 

जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने शनिवार को जम्मू में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जम्मू जोन में चल रहे सुरक्षा अभियानों की समीक्षा की।

जम्मू जोन पुलिस के अनुसार पुलिस प्रमुख ने विशेष समन्वय महानिदेशक, रेलवे आईजीपी, सुरक्षा आईजीपी और जम्मू जोन आईजीपी के साथ मिलकर चल रहे अभियानों का जायजा लिया और क्षेत्र में लागू किए जा रहे सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।

यह समीक्षा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद हुई जिसमें उन्होंने पुलिस और नागरिक प्रशासन को सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने और क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने और विकास को गति देने के लिए कार्रवाई योग्य रोडमैप लागू करने का निर्देश दिया है।

बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने अधिकारियों को पारंपरिक पुलिसिंग से आगे बढ़कर आतंकवाद और अलगाववादी तंत्र को पूरी तरह से खत्म करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सर्दियों में गहन निगरानी, सुरक्षा तैयारियों को बढ़ाने और पूर्ण परिचालन नियंत्रण का भी आह्वान किया। सिन्हा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हमारा लक्ष्य केवल आतंकवादियों को निष्क्रिय करना नहीं हो सकता। हमें उस पूरे आतंकवादी, अलगाववादी तंत्र को ध्वस्त करना होगा जो उन्हें पोषित करता है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता