home page

एबीएचआईएम के तहत ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश

 | 
एबीएचआईएम के तहत ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश


कठुआ, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उपायुक्त राजेश शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ लैबोरेटरी की स्थापना की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने उपायुक्त को मिशन के उद्देश्यों, प्रमुख घटकों और प्रस्तावित ब्लॉक स्तरीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना संबंधी जानकारी दी।

उपायुक्त ने प्रस्तावित प्रयोगशालाओं के लिए चिन्हित स्थलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा आवश्यक बुनियादी ढांचे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर किया जाए ताकि कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उपायुक्त ने एचएससीसी इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम के साथ बनी उपमंडल का व्यक्तिगत रूप से दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर कर अगले शुक्रवार तक नई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

डीसी ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना से रोगों की निगरानी, जांच सुविधाओं और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को परियोजना की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर, एएच जीएमसी कठुआ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज नागपाल, विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) और स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया