कटड़ा व श्री माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी ने किया व्यापक निरीक्षण
कटड़ा, 07 अप्रैल (हि.स.)। उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी पद का कार्यभार संभालने के बाद डीआईजी ने मंगलवार को कटड़ा नगर और श्री माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी स्तर पर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से भवन तक जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने ट्रैक पर स्थापित सीआरपीएफ कैंप, संयुक्त चेक प्वाइंट और सुरक्षा पिकेट्स का दौरा किया। रणनीतिक और संवेदनशील स्थानों पर तैनाती का गहन आकलन करते हुए एक्सेस कंट्रोल, निगरानी व्यवस्था और क्षेत्र प्रभुत्व (एरिया डोमिनेशन) पर विशेष ध्यान दिया गया। डीआईजी ने थाना कटड़ा, थाना भवन, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर कटड़ा और जेसीआर भवन का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर आईसीसीसी की कार्यप्रणाली, सीसीटीएनएस सिस्टम की स्थिति और एसओजी कटड़ा की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया।
इसके अलावा डीआईजी ने सीआरपीएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल, आपदा प्रबंधन विभाग और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय और सुरक्षा रणनीति पर चर्चा की। श्राइन और आसपास के क्षेत्रों में बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने सभी एजेंसियों को आपसी तालमेल मजबूत करने, सतर्कता बढ़ाने और उच्च स्तर की निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

