home page

अवंतीपोरा में सुरक्षा, आतंकवाद-विरोधी अभियान और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए डीजीपी ने बैठक की

 | 
अवंतीपोरा में सुरक्षा, आतंकवाद-विरोधी अभियान और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए डीजीपी ने बैठक की


श्रीनगर, 07 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात ने शनिवार को अवंतीपोरा जिले में समग्र सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद-विरोधी अभियानों और कानून व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के लिए एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक अवंतीपोरा जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित की गई और इसमें जम्मू-कश्मीर के विशेष महानिदेशक समन्वय पीएचक्यू एस.जे.एम. गिलानी, कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक वी.के. बर्डी, दक्षिण कश्मीर रेंज के डीआईजी जावेद इकबाल मट्टू, एसएसपी अवंतीपोरा, अतिरिक्त एसपी अवंतीपोरा, सभी एसडीपीओ और एसओजी के डीएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान डीजीपी ने चल रहे आतंकवाद-विरोधी अभियानों पर विशेष ध्यान देते हुए मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जिसमें गतिज और गैर-गतिज दोनों उपाय शामिल थे। उन्होंने जिले में मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी जायजा लिया। डीजीपी ने राष्ट्रविरोधी तत्वों, मादक पदार्थों और अपराध के खिलाफ अभियान को तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया और अधिकारियों को गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय, खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों और सक्रिय पुलिसिंग पर भी बल दिया। अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी ने अधिकारियों और जवानों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी रैंकों से अपने कर्तव्यों का पालन करते समय सतर्क, अनुशासित और मिशन-उन्मुख रहने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह