home page

डीजी आरपीएफ ने बारामूला रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

 | 

श्रीनगर, 17 नवंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिदेशक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को बारामूला रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद रेलवे सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर कश्मीर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीएजी) डॉ. विनोद कुमार और बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने स्टेशन पर आरपीएफ प्रमुख का स्वागत किया।

इस दौरे के समय अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मी भी मौजूद थे। प्रवक्ता के अनुसार बारामूला जिला पुलिस ने इस निरीक्षण के लिए सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए थे।

प्रवक्ता ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था और रेलवे अधिकारियों के साथ पूरा तालमेल रखा गया था। इस दौरे से यह बात सामने आई कि रेलवे के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और यात्रियों की हिफाजत के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल होना बहुत जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि बारामूला पुलिस, आरपीएफ और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित माहौल मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता