कठुआ में 50 लाख के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, डॉ. भारत भूषण ने छह परियोजनाएं जनता को सौंपी
कठुआ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार को विभिन्न वार्डों में करीब 50 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए गए छह विकास कार्यों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कठुआ का विकास बिना किसी भेदभाव के जमीनी जरूरतों और लोगों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
इन विकास कार्यों में कठुआ-नगरी मार्ग पर 6.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया, पटेल नगर वार्ड नंबर 15 में 12 लाख रुपये की लागत से गली एवं नाली, वार्ड नंबर 13 शास्त्री नगर में 5 लाख रुपये की लागत से गली एवं नाली, शास्त्री नगर में बाला जी के घर के पास डीप बोरवेल तथा वार्ड नंबर 19 हनुमान चौक के निकट अन्य संपर्क मार्गों सहित 9 लाख रुपये की लागत से लेन का कार्य शामिल है। इसके अलावा वार्ड नंबर 13 शास्त्री नगर में जनरल बस स्टैंड के निकट तथा एन के गुप्ता कार्यालय के पास लेन एवं नाली निर्माण के दो अन्य कार्य भी जनता को समर्पित किए गए। इन दोनों कार्यों पर करीब 4 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता प्रेम नाथ डोगरा ने कठुआ के साथ-साथ कीढ़ियां, गंड्याल और नगरी परोल के पिछड़े क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक का आभार जताया। स्थानीय निवासियों ने विधायक का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं में सुधार के साथ लोगों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल देव शर्मा, डॉ. शिव कुमार, राहुल शर्मा, हरबंस सैनी, बाला जी, मोहन मेहरा, जीवन ज्योति, भानु प्रताप, अनिरुद्ध शर्मा, अमित सूदन, कोमल राणा सहित संबंधित वार्डों के प्रमुख लोग और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

