home page

जसरोटा में 4.30 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शिक्षा व सिंचाई को मिलेगा बड़ा बल

 | 
जसरोटा में 4.30 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शिक्षा व सिंचाई को मिलेगा बड़ा बल


कठुआ/जसरोटा, 04 मई (हि.स.)। जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने क्षेत्र में विकास को गति देते हुए 4.30 करोड़ की लागत से तीन प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं का उद्देश्य शिक्षा ढांचे को मजबूत करना और किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं में सुधार करना है।

इस पैकेज के तहत सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल हटली में 1.15 करोड़ की लागत से नए कक्षा-कक्ष भवन का शिलान्यास किया गया जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

वहीं कमांड एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत दो सिंचाई परियोजनाएं भी शुरू की गईं। पहली परियोजना हमीरपुर/मंगतियां नहर पर आधारित है जिसकी लागत 1.40 लाख है और इससे करीब 400 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। दूसरी परियोजना सेस्वां गांव में 1.75 लाख की लागत से शुरू की गई जिससे लगभग 502 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को समय पर पानी उपलब्ध होगा, फसल उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया