home page

मेंढर में विकास को रफ्तार, मंत्री जावेद राणा ने कई अहम परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

 | 
मेंढर में विकास को रफ्तार, मंत्री जावेद राणा ने कई अहम परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास


मेंढर, 07 अप्रैल (हि.स.)। सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने मेंढर विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मंत्री ने सबसे पहले पब्लिक वर्क्स (आरएंडबी) विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के तहत 151.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित फूड स्टोर भवन का उद्घाटन किया। इस सुविधा से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बेहतर होगी। इसके अलावा, मंत्री ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 259 लाख रुपये की लागत से निर्मित 100 बेड वाले गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन किया। यह हॉस्टल छात्राओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराएगा और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देगा। इसी क्रम में मंत्री ने जुगल-सलवाह सड़क पर 300 मीटर लंबे आरसीसी मोटरेबल पुल और कल्वर्ट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी अनुमानित लागत 120 लाख रुपये है। इस परियोजना से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

दौरे के दौरान मंत्री ने भट्टीधर में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, कोट्टन में 132/33 केवी ग्रिड स्टेशन तथा हाई-डेंसिटी प्लांटेशन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपायुक्त पुंछ अशोक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार सीमावर्ती और दूरदराज क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा, शिक्षा और कनेक्टिविटी में निवेश से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया