औद्योगिक क्षेत्र भागथली का उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, स्थानीय रोजगार पर दिया जोर
कठुआ, 31 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र भागथली का दौरा कर विकास कार्यों और औद्योगिक इकाइयों की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कम से कम 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि इकाइयों के प्रबंधन ने भी आश्वासन दिया है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को रोजगार में पूरी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने इरकॉन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कार्य एक वर्ष पहले पूरा होना था लेकिन इसमें अनावश्यक विलंब हुआ है। अब संबंधित एजेंसी को अक्टूबर अंत तक कार्य पूर्ण करने का समय दिया गया है अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कुछ कमियों की भी पहचान की और जिला प्रशासन व संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इन खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। साथ ही उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित समीक्षा बैठक हर 15 दिन में आयोजित करने के निर्देश दिए।
बाद में उपमुख्यमंत्री ने जिला सचिवालय कठुआ में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकासात्मक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की खराब स्थिति, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी लाने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

