home page

पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें अधिकारी-राजेश शर्मा

 | 
पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें अधिकारी-राजेश शर्मा


कठुआ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को जिले में चल रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत आयोजित सप्ताहांत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कठुआ स्थित पशुपालन कार्यालय और राजकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल का दौरा कर शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और पंजीकरण प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने के पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राजेश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पात्र नागरिकों को पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए आगे आकर मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय का उद्देश्य समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार करना है। सप्ताहांत में आयोजित ये शिविर जिले में मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने और पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया