home page

तिरंगे के कथित अपमान पर एफआईआर की मांग तेज, कई संगठनों और युवाओं का समर्थन

 | 
तिरंगे के कथित अपमान पर एफआईआर की मांग तेज, कई संगठनों और युवाओं का समर्थन


कठुआ, 06 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर कठुआ में मामला तूल पकड़ता जा रहा है। थाना प्रभारी कठुआ को सौंपे गए शिकायत पत्र में एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है जिसके समर्थन में अब कई सामाजिक संगठनों और युवाओं की भागीदारी भी सामने आई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो और वीडियो में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती एक विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगे को उल्टे तरीके से प्रदर्शित करती दिखाई दे रही हैं। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जाएगा। इस मामले को लेकर भाजपा के युवा नेता राजेश मेहता, रणजीत सिंह पठान, यूथ फेडरेशन के सनी शर्मा, भाजपा युवा नेता अनिरुद्ध शर्मा, दमनजीत सिंह, अर्पण शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और युवा संगठनों के प्रतिनिधि भी खुलकर सामने आए हैं। सभी ने एक स्वर में मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि तिरंगे का अपमान जानबूझकर किया गया है तो यह कृत्य राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच करें यदि संज्ञेय अपराध बनता है तो तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने जांच में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है वहीं अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया