home page

गरीबी में गिरावट मोदी सरकार की विकास नीतियों का परिणाम : पूर्व मंत्री

 | 
गरीबी में गिरावट मोदी सरकार की विकास नीतियों का परिणाम : पूर्व मंत्री


जम्मू, 03 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की गरीबी एवं समानता रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबी में आई गिरावट को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्व बैंक के आंकड़ों ने देश की विकास यात्रा और सरकार की नीतियों के प्रभाव को सामने रखा है।

बाली भगत ने कहा कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच करीब 49.6 करोड़ लोग निम्न-मध्यम आय वर्ग की गरीबी सीमा से ऊपर आए हैं। उनके अनुसार, देश में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है जबकि प्रतिदिन 4.20 डॉलर की आय सीमा के आधार पर गरीबी दर 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत हुई है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार ने इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार की उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय राजनीतिक आलोचना तक सीमित है। बाली भगत ने कहा कि गरीबी में कमी के साथ युवाओं के लिए बेहतर रोजगार, कौशल विकास, आय में वृद्धि और आर्थिक अवसरों का विस्तार करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने से ही हासिल होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा