जेकेसीआईपी की प्रगति पर डीसी सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
कठुआ, 27 जुलाई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर प्रतिस्पर्धात्मक कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी जतिंदर खजूरिया ने विभिन्न विभागों के लक्ष्यों, स्वीकृतियों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। भेड़ पालन विभाग ने 16 लक्ष्यों में से 10 मामलों की स्वीकृति की जानकारी दी जबकि पशुपालन, बागवानी और मत्स्य विभागों ने भी अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट साझा की। डीसी ने कहा कि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय और तेजी से कार्यवाही जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों को लंबित आवेदनों के शीघ्र अनुमोदन और निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी महिमा मदान, सीपीओ रणजीत ठाकुर, मुख्य भेड़ पालन अधिकारी रोमेश कुमार मनहास, मुख्य पशुपालन अधिकारी डॉ. युगल किशोर, सहायक निदेशक मत्स्य पवन कुमार, जिला बागवानी अधिकारी अश्विनी शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

