पूर्व सैनिकों के मुद्दों पर डीसी कठुआ सख्त, वेलफेयर सिस्टम मजबूत करने के निर्देश
कठुआ, 07 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई का जायजा लिया गया। प्रशासन ने केवी रामकोट के संचालन, बरवाल खेल मैदान के सुधार, शहीद दिवसों के आयोजन और शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने जैसे मामलों में प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर सैनिक कॉलोनी की स्थापना, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, भर्ती रैलियों के आयोजन और कौशल विकास कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय को मल्टी-फैसिलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने पर जोर दिया, ताकि जिले के करीब 50 हजार पूर्व सैनिकों, विधवाओं और युद्ध विधवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, प्रस्तावित डीपीआर में वॉर मेमोरियल शामिल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समन्वय और मासिक बैठकें आयोजित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

