home page

डुग्गन में डीसी कठुआ का जन-सुनवाई कार्यक्रम, लोगों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

 | 
डुग्गन में डीसी कठुआ का जन-सुनवाई कार्यक्रम, लोगों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा


कठुआ, 21 मई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने गुरूवार को बनी उप-डिवीजन के दूरस्थ ब्लॉक डुग्गन में एक जन-संपर्क कार्यक्रम का आयोजन कर क्षेत्र की समस्याओं और विकासात्मक जरूरतों का मौके पर आकलन किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।

इस दौरान लोगों ने स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं की कमी, डुग्गन में जेके बैंक शाखा के संचालन में देरी, विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की कमी, पशु चिकित्सालय और एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग, लंबित सड़क मुआवजा मामलों, खेल मैदान के निर्माण, सिंचाई नहरों की मरम्मत, बीज और यूरिया की उपलब्धता, शैक्षणिक संस्थानों के उन्नयन तथा बिजली व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। डीसी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन दूर-दराज और पिछड़े क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता में है जिससे क्षेत्र में सेवाओं और आर्थिक अवसरों तक पहुंच बेहतर होगी।

उन्होंने कृषि और बागवानी विभागों को निर्देश दिए कि समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत बनी और डुग्गन क्षेत्र के लोगों तक अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही किसानों और युवाओं से बागवानी, मधुमक्खी पालन और अन्य स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

जेके बैंक शाखा के संचालन को लेकर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि देरी के कारणों की जांच कर शीघ्र शुरू करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। खेल मैदान की मांग पर उन्होंने इसे खेल परिषद के समक्ष उठाने और शिक्षा विभाग को क्षेत्र में ढांचे को मजबूत करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि विकास परियोजनाओं से जुड़े अधिकांश भूमि मुआवजा मामलों का निपटारा हो चुका है जबकि कुछ मामले विवाद या न्यायालय में लंबित हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और ‘100-दिवसीय नशा मुक्त अभियान’ व ‘मिशन युवा’ में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी। बिजली विभाग ने जानकारी दी कि वैसुखी नाग मंदिर के लिए एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया जाएगा और बनी में पीडीडी सब-डिवीजन के गठन का प्रस्ताव विचाराधीन है।

वहीं श्रम विभाग ने मिशन युवा के तहत उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने कई प्रतिनिधिमंडलों और व्यक्तियों से अलग-अलग मिलकर उनकी शिकायतें सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आईएएस प्रोबेशनर निधि, मुख्य योजना अधिकारी रणजीत ठाकुर, एसडीएम बनी संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया