नशामुक्त कठुआ का संदेश लेकर 22 नवंबर को सड़कों पर उतरेगी साइक्लोथॉन, डीसी ने टी-शर्ट और मेडल का किया अनावरण
कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 22 नवंबर को कठुआ में साइक्लोथॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से नशामुक्त अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की आधिकारिक टी-शर्ट और मेडल का वीरवार को उपायुक्त राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अनावरण किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने बताया कि साइक्लोथॉन का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि मुख्य आयोजन से पहले 21 नवंबर को बीआईबी एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त ने जिले के युवाओं, साइकिलिंग प्रेमियों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से साइक्लोथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से स्वस्थ, फिट और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। पत्रकार वार्ता में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसी सचिन जम्वाल, सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीआईओ गुरप्रीत सिंह सहित आयोजन से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

