छठ पर्व को लेकर सीटीएम प्रबंधन ने संभाली कमान, नहर किनारे घाट की सफाई व तैयारियां शुरू
कठुआ, 12 नवंबर (हि.स.)। सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू होकर सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। पर्व को लेकर कठुआ में रह रहे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में स्थित सीटीएम सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के लोग हर वर्ष इस पर्व को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाते हैं।
छठ पर्व की तैयारियों को लेकर सीटीएम प्रबंधन की ओर से शहर के बीचोंबीच बहने वाली नहर के किनारे स्थित घाट पर साफ-सफाई का कार्य शुरू करवा दिया गया है। सीटीएम के उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर टेंट, लाइट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। तैयारियों को शुक्रवार शाम तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। मनोज कुमार झा ने बताया कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की जाती है। मान्यता है कि छठी मैया की आराधना से संतान सुख, संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़े उत्साह से मनाया जाता है लेकिन रोजगार के सिलसिले में देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे लोग भी अपनी परंपराओं को जीवित रखते हुए इसे श्रद्धापूर्वक मनाते हैं।
वहीं महिलाओं ने बताया कि छठ पर्व के चार प्रमुख चरण होते हैं। पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय, दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना एवं लोहंडा, तीसरे दिन 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा चैथे दिन 16 नवंबर को उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के बाद पारण किया जाएगा। चारों दिन घरों में छठ के पारंपरिक गीतों और भजनों की गूंज रहती है। इस कठिन व्रत में महिलाएं विशेष रूप से निर्जला उपवास रखती हैं, हालांकि पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ यह व्रत कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

