home page

सीआरपीएफ डीजी ने कुलगाम का दौरा किया, उग्रवाद-विरोधी अभियानों को और तेज करने पर चर्चा की

 | 

कुलगाम, 13 नवंबर (हि.स.)। सीआरपीएफ के महानिदेशक (डीजी) जी.पी. सिंह ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम का दौरा किया। सीआरपीएफ के अनुसार उन्होंने घाटी में आतंकवाद-रोधी अभियानों को और तेज करने की योजनाओं पर चर्चा की।

डीजी ने अनंतनाग के सदूरा में सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के फील्ड अधिकारियों से बातचीत की और घाटी में आतंकवाद-रोधी अभियानों को और सघन बनाने की आगे की रणनीति पर चर्चा की।

बुधवार को सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए डीजी कुलगाम जिले के अखरान में उस जगह पर गए जहां हमला हुआ था। उन्हें हमले के बारे में जानकारी दी गई।

उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और इलाके में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

बुधवार को दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के पास नोवपोरा अखरान में एक चेकपॉइंट पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की एक टुकड़ी पर गोलीबारी कर दी। इसमें बल की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए और हमलावर वहां से भाग निकले।

हेड कांस्टेबल सोनबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और श्रीनगर के बेस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पर एकप पोस्ट में बताया कि घायल अन्य दो जवान, कांस्टेबल राकेश दास और शांतनु चंद्र अब स्थिर हैं और कुलगाम में 46वीं बटालियन के यूनिट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

सुरक्षा बल इस हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को खोजने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रहे हैं।

पूरी घाटी में हाई अलर्ट जारी है और श्रीनगर सहित कई संवेदनशील जगहों पर तलाशी अभियान और वाहनों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता