home page

10.75 लाख की बीमा धोखाधड़ी मामले में पूर्व कर्मचारी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

 | 

जम्मू,, 02 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी के खिलाफ 10.75 लाख रुपये से अधिक की बीमा धोखाधड़ी के मामले में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है। आरोपी पारुल शर्मा के खिलाफ यह चार्जशीट जम्मू की तीसरी अतिरिक्त मुंसिफ अदालत में एफआईआर संख्या 02/2013 के तहत पेश की गई। मामला कंपनी के तत्कालीन शाखा प्रभारी दीपक भट्ट की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए एक जीवन बीमा पॉलिसी को धोखाधड़ी से सरेंडर कराकर 10,75,742.95 रुपये असली पॉलिसीधारक के नाम पर खोले गए फर्जी एसबीआई खाते में ट्रांसफर कर दिए। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को यह भी पता चला कि दो अन्य बीमा पॉलिसियों को भी इसी तरह फर्जी तरीके से सरेंडर करने का प्रयास किया गया था। जांच में बीमा कंपनी और भारतीय स्टेट बैंक से जुटाए गए रिकॉर्ड के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और नकली बैंक खाता खोलने के साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता