home page

कर चोरी पर शिकंजा-कठुआ में जीएसटी विभाग ने वसूला 1.77 करोड़ जुर्माना

 | 
कर चोरी पर शिकंजा-कठुआ में जीएसटी विभाग ने वसूला 1.77 करोड़ जुर्माना


कठुआ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य कर विभाग के प्रवर्तन दल कठुआ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जीएसटी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत सितंबर 2026 तक 33 लाख से अधिक ई-वे बिलों की जांच की गई जबकि करीब 200 मालवाहक वाहनों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान विभाग ने ₹1.77 करोड़ का जुर्माना वसूल किया है।

यह कार्रवाई राज्य कर आयुक्त जम्मू-कश्मीर पी के भट और अतिरिक्त आयुक्त राज्य कर (प्रवर्तन एवं प्रशासन) धनतेर सिंह के निर्देशन में तथा उप आयुक्त राज्य कर प्रवर्तन कठुआ मुख्यालय लखनपुर जोगिंदर सिंह जसरोटिया के नेतृत्व में की जा रही है।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर मोबाइल नाके स्थापित किए जा रहे हैं। प्रवर्तन टीमें ई-वे बिल एप के माध्यम से ई-वे बिलों की जांच के साथ टैक्स इनवॉयस, डिलीवरी चालान और माल की आवाजाही से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। वाहनों की जांच क्षेत्रीय सूचनाओं और जोखिम आकलन के आधार पर की जा रही है। विभाग की कार्रवाई मुख्य रूप से बिना वैध ई-वे बिल या ई-इनवॉयस के माल परिवहन, माल की गलत श्रेणीकरण, मात्रा में अंतर तथा गलत टैक्स दर घोषित करने जैसी अनियमितताओं पर केंद्रित है। जांच के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर जम्मू-कश्मीर जीएसटी अधिनियम 2017 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग के अनुसार सितंबर 2026 तक वसूला गया 1.77 करोड़ का जुर्माना पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में वसूले गए 1.31 करोड़ से करीब 35 प्रतिशत अधिक है।

अधिकारियों ने बताया कि लगातार चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान का उद्देश्य कर चोरी पर अंकुश लगाने के साथ स्वैच्छिक जीएसटी अनुपालन को बढ़ावा देना और जिले में जीएसटी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया