home page

गंड्याल में अवैध खनन पर सख्ती, माइनिंग विभाग ने 4 डंपर, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त किए

 | 
गंड्याल में अवैध खनन पर सख्ती, माइनिंग विभाग ने 4 डंपर, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त किए


कठुआ, 09 मई (हि.स.)। जिला कठुआ में अवैध खनन और खनिजों की अवैध ढुलाई के खिलाफ माइनिंग विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए गंड्याल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा 8-9 मई की दरमियानी रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 4 डंपर, 1 ट्रक और 1 ट्रैक्टर को जब्तध्दंडित किया गया।

जानकारी के अनुसार ये वाहन गंड्याल क्षेत्र से अवैध रूप से खनिज निकालकर पड़ोसी राज्य पंजाब ले जाने की कोशिश कर रहे थे। माइनिंग विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को पकड़ लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि कठुआ में नए जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र सिंह के पदभार संभालने के बाद अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया गया है। यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और निदेशक भूविज्ञान एवं खनन विभाग पवन कुमार शर्मा के निर्देशों के तहत की गई है जिसमें अवैध खनन और खनिजों की गैरकानूनी ढुलाई पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। माइनिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया