home page

कठुआ में अवैध खनन पर सख्ती-4 महीने में 340 वाहन जब्त, 64.75 लाख रुपये जुर्माना वसूला

 | 
कठुआ में अवैध खनन पर सख्ती-4 महीने में 340 वाहन जब्त, 64.75 लाख रुपये जुर्माना वसूला


कठुआ, 21 मार्च (हि.स.)। जिला खनन विभाग कठुआ ने अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार महीनों में 340 वाहनों को जब्त एवं दंडित किया है। इस दौरान विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों से 64.75 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला है।

जिला खनन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच की गई है। विभाग ने जिला खनिज अधिकारी वरिंदर सिंह के कार्यभार संभालने के बाद अभियान को और तेज किया है। अधिकारियों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और निदेशक भू-विज्ञान एवं खनन विभाग एसपी रुकवाल के निर्देशों के तहत अवैध खनन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा दिन-रात छापेमारी, विभिन्न स्थानों पर नाके और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। डीएमओ वरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया