गौ-तस्करी की कोशिश नाकाम, 15 मवेशी छुड़ाए, एक ट्रक जब्त
कठुआ, 05 फरवरी (हि.स.)। कठुआ जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग राजबाग क्षेत्र में गौ-तस्करी की कोशिश को नाकाम बनाते हुए 15 मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाया और एक ट्रक को जब्त किया है।
यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। जानकारी के अनुसार थाना राजबाग की पुलिस टीम ने नाका चेकिंग के दौरान पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में 15 मवेशी क्रूरता पूर्वक लदे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही मवेशियों को मुक्त कर ट्रक को जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना राजबाग में एफआईआर नंबर 27/2026 धारा 223 बीएनएस व 11 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कठुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि गौ-तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

