आईटीआई जम्मू में दीक्षांत समारोह, मेधावी प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित
जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई) जम्मू की ओर से शनिवार को शक्ति नगर स्थित संस्थान परिसर में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को शैक्षणिक उपलब्धियों और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण संस्थान के प्रशिक्षु साहिल सिंह का सम्मान रहा जिन्होंने 16 से 18 नवंबर तक उत्तरकाशी स्थित नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। संस्थान ने साहिल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं और स्टाफ सदस्यों ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन भी सुना। संस्थान के प्रिंसिपल ने सम्मानित प्रशिक्षुओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं से अपने हुनर का बेहतर उपयोग करने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

