डीडीसी भवन का निर्माण कार्य पूरा, फिनिशिंग के बचे काम जल्द निपटाने के दिए निर्देश
कठुआ, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला विकास परिषद के हटली मोड़ के निकट निर्माणाधीन भवन का उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और शेष बचे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान सहायक आयुक्त विकास गुलशन कुमार, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर तथा ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग के कार्यकारी अभियंता और बीडीओ कठुआ भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि भवन का सिविल निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तथा अब केवल कुछ फिनिशिंग कार्य शेष हैं। इस पर डीसी ने संबंधित कार्यदायी एजेंसी को सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों और स्वीकृत मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से फिनिशिंग, बिजली संबंधी कार्यों, आंतरिक फिटिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया ताकि भवन को पूरी तरह उपयोग के लिए तैयार किया जा सके।
डीसी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और शेष कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को बिना किसी और देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

