बरवाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन-युवाओं ने थामा पार्टी का दामन, पंचायतों को 60 प्रतिशत बजट सीधे देने की उठी मांग
कठुआ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ की ओर से बरवाल पंचायत में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस प्रधान पंकज डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह, ठाकुर बलबीर सिंह, राकेश चौधरी, पवन शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के कई युवाओं ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह ने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जम्मू-कश्मीर प्रभारी भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन की विचारधारा और गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जिला कार्यकारिणी समितियों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से जम्मू-कश्मीर के दस जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कठुआ में प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किया गया है जबकि अन्य जिलों में भी ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रभारी ने कहा कि संगठन उन लोगों की आवाज बनेगा जिन्हें अभी तक उनके अधिकार नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट सीधे उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाई जा सकें और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। उन्होंने केरल में लागू व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बजट का 60 प्रतिशत हिस्सा पंचायतों को सीधे दिए जाने की व्यवस्था का उदाहरण सामने रखा गया है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की मांग की ताकि पंचायतों को अपने विकास कार्यों के लिए विधायकों या अन्य स्तरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाएगा और पंचायतों को अधिक अधिकार तथा वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करने और संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

