home page

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पंचायत व यूएलबी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान, भाजपा पर साधा निशाना

 | 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पंचायत व यूएलबी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान, भाजपा पर साधा निशाना


जम्मू, 29 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक एवं पंजाब प्रभारी सह-प्रभारी करन भगत ने शुक्रवार को आरएस पुरा और सुचेतगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए आगामी पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनज़र पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए करन भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और अनुसूचित जाति वर्ग की आवाज रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी ko कार्यक्रमों और विचारधारा को जम्मू-कश्मीर के हर गांव, पंचायत और शहरी क्षेत्र तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव जम्मू-कश्मीर में जमीनी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। करन भगत ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर के लोग बेरोजगारी, महंगाई, बढ़े हुए बिजली शुल्क, अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट, खराब सड़क संपर्क और युवाओं के लिए रोजगार के सीमित अवसर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के कई वादों के बावजूद हजारों शिक्षित युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं तथा भर्ती प्रक्रियाएं लगातार विवादों और देरी का शिकार बनी हुई हैं।

उन्होंने अनुसूचित जाति समुदाय और अन्य कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समान विकास तभी संभव है जब हाशिए पर खड़े वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जाए। करन भगत ने विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों, संविदा कर्मियों, कैजुअल लेबर और अस्थायी कर्मचारियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये वर्ग वर्षों से नियमितीकरण और आर्थिक सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों और किसानों की समस्याओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पर्याप्त मुआवजा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और आवश्यक सहायता नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन, व्यापारिक गतिविधियों में गिरावट और छोटे कारोबारियों की आर्थिक परेशानियों पर भी चिंता जताई। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए करन भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ “भ्रामक प्रचार और राजनीतिक दुष्प्रचार” के जरिए लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक सौहार्द, संविधान की रक्षा और कमजोर वर्गों के अधिकारों जैसे जनहित के मुद्दे संसद के भीतर और बाहर उठाते रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व की छवि खराब करने के प्रयास सफल नहीं होंगे क्योंकि देश की जनता वास्तविक परिस्थितियों से भलीभांति परिचित है। करन भगत ने यह भी आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है और कांग्रेस पार्टी संविधान, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने, लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, स्थानीय प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा