ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हीरानगर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
हीरानगर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। एआईसीसी के आह्वान पर कांग्रेस ने गुरुवार को हीरानगर में ब्लैक डे मनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व एमएलसी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रामलीला चौक से एसडीएम कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन, सीईसी इस्तीफा और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करो जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुभाष गुप्ता ने बुधवार के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं को कथित रूप से चोट लगने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में युगल किशोर बाली, विनय शर्मा, बीएल कंडले, रमेश कुंडल, रोमी शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

