home page

अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कठुआ में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

 | 
अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कठुआ में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी


कठुआ, 09 मार्च (हि.स.)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सोमवार को कठुआ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस कमेटी कठुआ के जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा की अगुवाई में किया गया जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और इस डील को देश के हितों के खिलाफ बताया।

पार्टी कार्यालय से सभी कार्यकर्ता रैली के रूप में डीसी ऑफिस कठुआ की ओर रवाना हुए। रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए डीसी कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची जहां प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं जिनमें कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी हरि सिंह, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष विशु अंडोत्रा, रोबिन शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता किसानों, छोटे व्यापारियों और आम जनता के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि इस समझौते से देश की आर्थिक और व्यापारिक नीतियों पर बाहरी दबाव बढ़ सकता है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ यह समझौता करते समय देश के किसानों और छोटे उद्योगों के हितों को नजरअंदाज किया है। पार्टी के नेताओं ने इसे “किसान विरोधी और जनविरोधी” करार देते हुए कहा कि इससे देश की संप्रभुता और आर्थिक स्वतंत्रता पर भी असर पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से इस समझौते पर पुनर्विचार करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया