home page

कठुआ में सेवा पर्व का समापन, स्वच्छता अभियान से दिया जनसेवा का संदेश

 | 
कठुआ में सेवा पर्व का समापन, स्वच्छता अभियान से दिया जनसेवा का संदेश


कठुआ, 2 अक्तूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में 28 सितंबर से चल रहे सप्ताहव्यापी सेवा पर्व-2026 का शुक्रवार को स्वच्छता अभियानों, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों और जनसहभागिता गतिविधियों के साथ समापन हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्थानीय निकायों और आम लोगों ने भाग लिया।

उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने ब्लॉक कीड़ियां गंड्याल की पंचायत करोह में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सेवा पर्व की भावना को अभियान तक सीमित न रखते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। पंचायत फलोट-बी में एडीसी कठुआ महिमा मदान की मौजूदगी में विभिन्न विभागों ने कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए। हटली मोड़ में जेकेपीसीसी कठुआ की ओर से प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 8 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन और 350 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।

बसोहली में नगर समिति तथा वन विभाग की ओर से स्वच्छता अभियान चलाए गए। वहीं बनी में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने विशेष स्वच्छता अभियान में भाग लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया। हीरानगर में उपजिला अस्पताल परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सेवा पर्व के दौरान जिलेभर में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता, पुस्तक दान, स्वास्थ्य शिविर, महिला सशक्तिकरण, खेल गतिविधियां और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों ने सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया