गुरु पूर्णिमा पर कठुआ में विशाल वैदिक यज्ञ की पूर्णाहुति, हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी
कठुआ, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कठुआ में आयोजित चार दिवसीय वैदिक यज्ञ एवं आध्यात्मिक समागम का समापन पूर्णाहुति के साथ हुआ जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था प्रकट की। यह भव्य आयोजन पूर्व वन मंत्री एवं भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया के निवास स्थान पर संपन्न हुआ।
प्रसिद्ध वैदिक विद्वान स्वामी राम स्वरूप जी महाराज के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में संपन्न इस यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व शांति, समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की। पूर्णाहुति के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
स्वामी राम स्वरूप जी महाराज ने अपने प्रवचनों में वेदों की सनातन शिक्षाओं का विस्तार से वर्णन करते हुए ईश्वर के स्वरूप को सर्वशक्तिमान, सर्वव्यापी, निराकार, अजन्मा और अविनाशी बताया। उन्होंने कहा कि यज्ञ और अग्निहोत्र केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि आत्मशुद्धि, सामाजिक समरसता और वैश्विक कल्याण का माध्यम हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं को वेदों के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि सच्चे श्रद्धा, अनुशासन और साधना के बिना वैदिक मार्ग को समझना संभव नहीं है। कार्यक्रम के दौरान स्वामी जी ने वैदिक भजनों के माध्यम से भी उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक ज्ञान से ओतप्रोत किया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्वामी जी ने पूर्णिमा के वैदिक महत्व को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह दिन आध्यात्मिक साधना और गुरु वंदना का प्रतीक है। उन्होंने व्यास पूर्णिमा के संदर्भ में महर्षि वेदव्यास के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ही चारों वेदों के ज्ञान को संकलित कर मानवता के लिए संरक्षित किया। विधायक राजीव जसरोटिया ने स्वामी राम स्वरूप जी महाराज का कठुआ आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सान्निध्य से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार हुआ है। उन्होंने आयोजन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं का भी धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति, वैदिक प्रार्थनाओं और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

