home page

सिटीज़न्स कोऑपरेटिव बैंक के जमाकर्ताओं ने सरकार, मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

 | 
सिटीज़न्स कोऑपरेटिव बैंक के जमाकर्ताओं ने सरकार, मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की


जम्मू, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू सिटीज़न्स कोऑपरेटिव बैंक के जमाकर्ताओं की एक बैठक में बैंक की मौजूदा स्थिति और अपनी जमा पूंजी तक पहुंच नहीं होने के कारण प्रभावित हो रहे हजारों परिवारों की समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में करीब 36 हजार जमाकर्ताओं की मेहनत की कमाई की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें राहत दिलाने के लिए सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एस.के. शर्मा ने कहा कि जमाकर्ताओं की जमा राशि उनकी वर्षों की मेहनत और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। सरकार को बैंक की समस्याओं का समाधान निकालकर प्रभावित परिवारों को जल्द राहत प्रदान करनी चाहिए। आदित्य मगोतरा ने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

वहीं संजय सारंग ने उपराज्यपाल से मामले का संज्ञान लेकर जमाकर्ताओं की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित लोगों ने केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार से जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा करने, उनकी जमा पूंजी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों का विश्वास बहाल करने के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा