home page

बैसाखी पर रंगारंग कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलकी डोगरा परंपरा, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

 | 
बैसाखी पर रंगारंग कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलकी डोगरा परंपरा, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित


जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। राजपुरा स्थित शाइनिंग स्टार अकादमी में बैसाखी के उपलक्ष्य पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवा समाजसेवी व शिक्षाविद अतुल सदन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल चेतन कुमार, वाइस प्रिंसिपल शिवानी शर्मा, युवा नेता आयुष सिंह जमवाल, सुरेश शर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने बैसाखी थीम पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिनमें पंजाबी लोकगीत, गिद्धा, भांगड़ा और डोगरी नृत्य प्रमुख रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से डोगरा संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से लेकर 9वीं कक्षा तक के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल चेतन कुमार ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि अतुल सूदन ने स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़कर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बैसाखी न केवल डोगरा समाज बल्कि पूरे उत्तर भारत का एक महत्वपूर्ण पर्व है जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा