सीएम उमर ने गांदरबल में खीर भवानी मेले की तैयारियों का लिया जायज़ा
गांदरबल, 18 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को मध्य कश्मीर के गांदरबल ज़िले के तुलमुल्ला में सालाना खीर भवानी मेले की तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि 22 जून को होने वाले इस मेले से पहले सभी अधूरे काम पूरे कर लिए जाएंगे।
मंदिर के दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उमर ने कहा कि देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु माता खीर भवानी का आशीर्वाद लेने के लिए मेले में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंदिर का दौरा न केवल मुख्यमंत्री के तौर पर बल्कि स्थानीय विधायक के तौर पर भी किया, ताकि जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायज़ा ले सके। उन्होंने कहा कि पुजारियों और अन्य संबंधित लोगों ने कुछ मुद्दे उठाए हैं और मेला शुरू होने से पहले उन्हें हल करने की कोशिश की जाएगी।
आने वाली अमरनाथ यात्रा के बारे में उमर ने कहा कि यात्रा के प्रबंधन की मुख्य ज़िम्मेदारी अमरनाथ श्राइन बोर्ड की है, जबकि सरकार इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए हर ज़रूरी मदद दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खीर भवानी और अमरनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालु आसानी से अपने धार्मिक कर्तव्य निभा सकेंगे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए प्रार्थना की।
गांदरबल के कुछ हिस्सों में सिंचाई से जुड़ी चिंताओं पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ इलाकों से पानी की कमी की खबरें मिली हैं और नहरों व सिंचाई चैनलों के ज़रिए पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल की बारिश से स्थिति में सुधार हुआ है और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री जावेद राणा अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे, ताकि जरूरी कदम उठाए जा सकें।
पुलवामा में कश्मीरी पंडित कर्मचारियों के लिए ट्रांज़िट आवास के निर्माण पर उमर ने कहा कि ये सुविधाएं पीएम पैकेज के कर्मचारियों के लिए हैं और यह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई एक पहल का हिस्सा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

