home page

ईरान की स्थिति पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नागरिक समाज के सदस्यों से बातचीत की

 | 
ईरान की स्थिति पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नागरिक समाज के सदस्यों से बातचीत की


जम्मू, 04 मार्च (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को यहां धार्मिक नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों से मुलाकात की और अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक पोस्ट में कहा, “पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने आज श्रीनगर में धार्मिक नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों से बातचीत की। उपस्थित लोगों ने स्थिति पर चिंता व्यक्त की और ईरान में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।” बैठक के दौरान अब्दुल्ला ने जम्मू और कश्मीर में शांति और सद्भाव बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

लोगों के दुख को स्वीकार करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि “शोक और मातम की अभिव्यक्ति शांतिपूर्ण और जिम्मेदार होनी चाहिए।” इस बैठक में दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई और हाल के सैन्य हमलों में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के लिए एक विशेष प्रार्थना भी की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने आगे कहा, प्रतिभागियों ने शांति के लिए प्रार्थना की और स्थिरता की उम्मीद जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह