मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईद की मुबारकबाद दी, कहा अमेरिका-इजराइल द्वारा दुनिया पर थोपा गया अवैध युद्ध जल्द खत्म हो
श्रीनगर, 21 मार्च (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजराइल द्वारा दुनिया पर थोपा गया “अवैध” युद्ध जल्द से जल्द समाप्त होना चाहिए।
हजरतबल दरगाह में ईद की नमाज अदा करने के बाद अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि आज मैंने सिर्फ अमेरिका और इजराइल द्वारा हम पर थोपे गए इस अवैध युद्ध के खत्म होने की दुआ की। अब्दुल्ला ने कहा कि पूरा मुस्लिम जगत अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है क्योंकि कोई भी मुस्लिम देश ऐसा नहीं है जो इस युद्ध से अछूता रहा हो। उन्होंने आगे कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे इस युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे भारत में मुसलमानों की भावनाएं प्रभावित हो रही हैं और हर भारतीय की ऊर्जा संबंधी जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। लोगों को अपने घरों के संचालन के लिए जरूरी गैस और डीजल मिलने में दिक्कत हो रही है। श्रीनगर के नौहट्टा स्थित जामिया मस्जिद को लगातार सातवें वर्ष ईद की नमाज के लिए बंद किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा अधिकारियों की कथनी और करनी में विरोधाभास है। एक ओर वे कहते हैं कि सब कुछ सामान्य है और दूसरी ओर वे ऐतिहासिक मस्जिद को बंद कर देते हैं। यह कैसी सामान्य स्थिति है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे फैसले बदलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

