home page

जम्मू श्रीनगर एनएच-44 का कोई विकल्प नहीं, मुगल रोड की हालत और भी खराब: उमर अब्दुल्ला

 | 

रामबन, 07 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को रामबन में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे के कई इलाकों का दौरा किया और भारी बारिश के कारण आई रुकावटों के बाद चल रहे मरम्मत और बहाली के कामों का जायजा लिया।

रामबन में पत्रकारों से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस हाईवे का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने परसों राजौरी-पुंछ रास्ते से यात्रा की थी खासकर पीर की गली और बुफलियाज के बीच। उस हिस्से की हालत इससे कहीं ज्यादा खराब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से एनएच-44 के एक छोटे से हिस्से को ही नुकसान पहुंचा है जबकि खराब मौसम के बावजूद ट्रैफिक की आवाजाही बिना रुकावट जारी रखने की कोशिशें की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को पता है कि यह फलों का सीजन है और लोगों को अपनी उपज खराब होने से पहले बाजारों तक पहुंचानी है। उन्होंने कहा कि फलों से लदे वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है। जम्मू से आने वाले पेट्रोलियम वाहनों को भी प्राथमिकता दी जा रही है ताकि जरूरी सामान की कोई कमी न हो।

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने उधमपुर में एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात तथा बहाली के उपायों पर चर्चा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह