विकास कार्यों में तेजी लाएं, लोगों की शिकायतों के निवारण तंत्र को मजबूत करें: उमर
जम्मू, 02 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाएं, लोगों की शिकायतों के निवारण तंत्र को मजबूत करें और सर्दियों के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।
अब्दुल्ला ने प्रशासनिक कामकाज और विकास प्राथमिकताओं का जायजा लेने के लिए यहां सिविल सचिवालय में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
'दरबार मूव' के बाद कार्यालयों के फिर से खुलने के तुरंत बाद यह बैठक बुलाई गई थी। उनके कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने नए नियुक्त मंत्रियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की तुरंत समीक्षा करें, चल रही विकास परियोजनाओं में तेजी लाएं और लोगों की शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दें।
कामकाजी मौसम के खत्म होने के करीब आने को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने, सर्दियों के लिए पर्याप्त तैयारी रखने और जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने पर जोर दिया खासकर दूर-दराज के इलाकों में।
अब्दुल्ला ने समयबद्ध और जन-केंद्रित बजट योजना बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने विभागों को निर्देश दिया कि वे लोगों की जरूरतों, आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

