भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को मानहानि का लीगल नोटिस भेजा
- कानूनी नोटिस 'सम्मान की निशानी', भाजपा अदालतों की ले रही है आड़ : सीएम उमर
श्रीनगर, 13 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है। इस पर सीएम
अब्दुल्ला ने सोमवार को भेजे गए कानूनी नोटिस को 'सम्मान की निशानी' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी राजनीतिक रूप से जवाब देने के बजाय अदालतों की आड़ ले रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) उन भाजपा नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी, जिन्होंने पार्टी और उसके नेतृत्व पर अपमानजनक और बेबुनियाद आरोप लगाए हैं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्यालय 'नवा-ए-सुभ' में पत्रकारों से बात करते हुए उमर ने कहा कि कानूनी नोटिस यह दिखाता है कि वह एक ऐसी राजनीतिक ताकत बने हुए हैं, जिसे वे नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मुझे कानूनी नोटिस की इलेक्ट्रॉनिक कॉपी मिली है। मैं इसे बहुत बड़ा सम्मान मानता हूं, क्योंकि शायद मैं जम्मू-कश्मीर का एकमात्र ऐसा राजनेता हूं, जिसे भाजपा से ऐसा 'प्रेम पत्र' मिला है। मैं इसे सम्मान की निशानी मानता हूं क्योंकि इससे पता चलता है कि मैं एक ऐसी राजनीतिक ताकत हूं जिसे वे नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जानबूझकर एक राजनीतिक मंच पर अपनी बात कही थी ताकि भाजपा से राजनीतिक जवाब मिल सके, लेकिन आरोप लगाया कि पार्टी ने इसके बजाय अदालतों के ज़रिए मामले को आगे बढ़ाने का रास्ता चुना।
उमर ने कहा कि मैं यही बयान विधानसभा के अंदर 'विशेषाधिकार के तहत दे सकता था, जहां इसे बाहर चुनौती नहीं दी जा सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मैंने राजनीतिक मंच पर अपनी बात रखी, ताकि भाजपा राजनीतिक रूप से जवाब दे। उन्होंने ऐसा नहीं किया। वे राजनीतिक लड़ाइयां लड़ते हैं और अदालतों की आड़ लेते हैं। वे राजनीतिक हिसाब-किताब अदालत में ही चुकता करना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अब भाजपा नेताओं के खिलाफ वही कानूनी रास्ता अपनाएगी जिन्होंने पार्टी पर बार-बार बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से भाजपा के वरिष्ठ नेता नेशनल कॉन्फ्रेंस और उसके नेतृत्व पर बेबुनियाद और अपमानजनक आरोप लगाते रहे हैं। हम राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला कर रहे हैं। अब हम भाजपा के एक खास नेता और कुछ अन्य लोगों को कानूनी नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। देखते हैं कि यह प्रक्रिया कहाँ तक जाती है।
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का ज़िक्र करते हुए उमर ने कहा कि पार्टी दिल्ली पुलिस से मंज़ूरी का इंतज़ार कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें बताया गया है कि मंज़ूरी मिलने में आम तौर पर पांच दिन लगते हैं। हम इस मामले को फ़ॉलो कर रहे हैं और उम्मीद है कि कल या बुधवार सुबह तक दिल्ली पुलिस से कोई जवाब मिल जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

