home page

सिविल डिफेंस का 5 दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 | 

जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। आपदा से निपटने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय की पहल के तहत सिविल डिफेंस जम्मू ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कुंजवानी, जम्मू में पांच दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कॉलेज के एनएसएस के लगभग 100 छात्र भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम सिविल डिफेंस जम्मू के डिप्टी कंट्रोलर डीएसपी जिया-उल-हक के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है जबकि इसके समन्वय में डिप्टी चीफ वार्डन सिविल डिफेंस आर. विजय मगोत्रा सहयोग कर रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को फर्स्ट एड, आग से बचाव और नियंत्रण, सांप के काटने, चोकिंग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के साथ-साथ अन्य बुनियादी जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों तथा हवाई हमलों जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव के तरीकों के बारे में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस डीएसपी जिया-उल-हक ने सिविल डिफेंस की भूमिका और इस प्रकार के प्रशिक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आपदा प्रबंधन और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह केवल संस्थागत जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक प्रतिबद्धता भी है। इस मौके पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने सिविल डिफेंस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं और समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा