श्रीनगर में सीआईके ने साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ किया, सात गिरफ्तार
श्रीनगर, 19 मार्च (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ करके सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि सीआईके-सीआईडी को गुप्त कॉल सेंटरों के बारे में तकनीकी इनपुट प्राप्त हुए थे, जो विदेशी और स्थानीय नागरिकों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी वाली ऑनलाइन गतिविधियों में शामिल थे। तकनीकी विशेषज्ञों और फील्ड ऑपरेटिव्स की विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने कई स्थानों पर निगरानी और डिजिटल खुफिया जानकारी जुटाई।
उन्होंने बताया कि टीमों ने यहां रंगरेठ के औद्योगिक क्षेत्र में एक प्रमुख ऑपरेशनल हब की पहचान की। इसके बाद शहर में विभिन्न स्थानों पर समन्वित छापे मारे गए, जिसके परिणामस्वरूप सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। 13 मोबाइल फोन, नौ लैपटॉप, वीओआईपी सिस्टम, सिम कार्ड, नेटवर्किंग उपकरण और डिजिटल स्टोरेज मीडिया सहित बड़ी मात्रा में डिजिटल और संचार उपकरण जब्त किए गए।
अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए उपकरणों में कई स्मार्टफोन, लैपटॉप और एक आईपैड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आरोपितों ने वीओआईपी आधारित प्रणालियों का उपयोग करके एक अपंजीकृत कॉल सेंटर स्थापित किया था, जिसके माध्यम से वे अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल नंबर बनाते थे और सर्वर रूटिंग और स्पूफिंग तकनीकों के जरिए अपने स्थान को छिपाते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

