home page

जीवन नगर में मानव रंगोली के जरिए बच्चों ने दिया विकसित भारत का संदेश

 | 
जीवन नगर में मानव रंगोली के जरिए बच्चों ने दिया विकसित भारत का संदेश


जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जीवन नगर स्थित शिखा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ पहल के तहत मानव रंगोली का आयोजन किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता से स्कूल परिसर में बनाई गई मानव रंगोली ने राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक रेखा महाजन, महासचिव बलदेव सिंह बिल्लावरिया, जिला अध्यक्ष नरेश सिंह, मंडल अध्यक्ष सोहन लाल, सह-संयोजक प्रेरणा नंदा और संतोष शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। सत शर्मा ने कहा कि मानव रंगोली केवल रचनात्मक प्रस्तुति नहीं बल्कि युवा पीढ़ी की विकसित और आत्मनिर्भर भारत की आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सेवा की भावना को समाज और विशेषकर युवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। रेखा महाजन ने कहा कि बच्चों को कला और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की अपनी समझ व्यक्त करने का अवसर मिला जबकि बलदेव सिंह बिल्लावरिया ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा