home page

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 25 अक्टूबर को होने वाली कश्मीर मैराथन के लिए देशभर के एथलीटों को आमंत्रित किया

 | 

श्रीनगर, 22 अक्टूबर(हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को देश भर के एथलीटों से 25 अक्टूबर को होने वाली 'कश्मीर मैराथन' के तीसरे संस्करण में हिस्सा लेने की अपील की।

श्रीनगर के पोलो ग्राउंड्स में 'कश्मीर मैराथन एक्सपो' का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि लोग पूरे उत्साह और जोश के साथ कश्मीर मैराथन में भाग लेंगे।

एथलीटों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जीत से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण इसमें हिस्सा लेना है। उन्होंने कहा कि जीतना उतना अहम नहीं है, जितना कि इसमें भाग लेना। आप भी हिस्सा लें और इस मैराथन का आनंद लें। अब्दुल्ला ने बताया कि इस आयोजन के लिए 'स्पॉट रजिस्ट्रेशन' (मौके पर पंजीकरण) की सुविधा अभी भी खुली है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके पास यहीं मौके पर रजिस्ट्रेशन कराने का मौका है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में भारत के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी एथलीटों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर आप देखें तो देश भर में होने वाली ऐसी अन्य दौड़ के मुकाबले, खूबसूरती और आसपास के नजारों के मामले में कश्मीर मैराथन का कोई मुकाबला नहीं है। अन्य दौड़ की तुलना में इसमें मिलने वाली इनामी राशि भी कई गुना ज्यादा है।

अब्दुल्ला ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में लंबी दूरी की दौड़ को बढ़ावा देने के लिए इस साल स्थानीय धावकों के लिए एक अलग श्रेणी (कैटेगरी) बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस साल हमारे स्थानीय धावकों की मांग पर उनके लिए एक अलग पुरस्कार भी रखा गया है ताकि खेलों और खासकर दौड़ (चाहे वह हाफ मैराथन हो या फुल मैराथन) को बढ़ावा मिल सके। अब्दुल्ला मैराथन की शुरुआत (फ्लैग ऑफ) तो करेंगे लेकिन वे इसमें खुद हिस्सा नहीं लेंगे जबकि उन्होंने पहले दो संस्करणों में भाग लिया था। उन्होंने आगे कहा कि दुर्भाग्य से इस साल मैं तीसरी मैराथन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा लेकिन इसे हरी झंडी दिखाने के लिए जरूर आऊंगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता